आज का मौसम 20 मार्च 2026: मार्च की शुरुआत में जहां गर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया था, वहीं महीने के बीच मौसम में हुए बड़े परिवर्तन के कारण कई राज्यों में मौसम सुहाना हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। दिन में भी अंधेरा छाया हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के 22 राज्यों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं। साथ ही इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। IMD ने उत्तराखंड, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है ।
उत्तर से लेकर दक्षिण भारत के लिए IMD का अलर्ट
IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 20 मार्च को बारिश बर्फबारी हो सकती है।
पंजाब हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को मौसम अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है। तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 22 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। सिक्किम में 22 मार्च तक आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है ।
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 5 दिनों तक गरज और बिजली गिरने का अनुमान है ।
तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश (तटीय और रायलसीमा), तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र (मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा) और गुजरात में भी बारिश और आंधी का अलर्ट दिया गया है ।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी राजधानी में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के तेज झोंके लग सकते हैं। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में आज आंधी-बारिश का अलर्ट?
उत्तर प्रदेश में भी आंधी-बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 20 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। जबकि पूर्वी यूपी में IMD ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में ओलावृष्टि का अलर्ट
बिहार में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज राज्य में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। रात में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।