लखनऊ। शहर के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अब अच्छी सुविधाओं में पढ़ने वाले निजी विद्यालयों के बच्चों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग विद्यालयों में नए-नए प्रयोगों का बढ़ावा देने जा रहा है। प्राथमिक विद्यालयों समेत कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बच्चों के बीच बेहतर सामाजिक कौशल, तार्किक सोच और टीम भावना जैसे गुणों का विकसित करने के लिए प्रति सप्ताह विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए बच्चों के अलग-अलग क्लब बनाएं जाएंगे। अब प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बच्चों के बीच इको क्लब, ज्योग्राफी क्लब, स्पोर्ट्स क्लब, सिविक सेंस क्लब, गणित क्लब, विज्ञान क्लब, रीडिंग क्लब, डिजिटल इनिशिएटिव क्लब सहित कला व संगीत में भी दक्ष बनाने के लिए समूहों का गठन किया जाएगा। साथ ही बच्चों को स्वच्छता के महत्व, स्वास्थ्य जागरुकता, योग प्राणायाम आदि में भी आगे ले जाने की योजना है। विभाग के प्रमुख सचिव ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों के नाम सर्कुलर जारी कर दिया है।
